ब्रेकिंग न्यूज़

उपभोक्ता हितों की सुरक्षा हेतु विभाग सख्त, सिरोही में पेट्रोल पम्पों पर औचक निरीक्षण अभियान


सिरोही(हरीश दवे) ।

मंत्री सुमित गोदारा (उपभोक्ता मामले विभाग) के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन नियम, 2011) के तहत सिरोही जिले में पेट्रोल पम्पों के विरूद्ध एक व्यापक औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के अन्तर्गत गठित विभागीय जांच दल ने दिनांक 15 व 16 मई को जिला सिरोही में कुल 18 पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं को पेट्रोल एवं डीजल की कम आपूर्ति की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए 06 पेट्रोल पम्पों के नोजल सीज किए गए।

जांच में पाया गया कि 15 मई 2026 को श्री देवनगरी पेट्रोलियम सर्विस रिटेल आउटलेट पर विभिन्न नोजलों के माध्यम से प्रति 05 लीटर आपूर्ति पर 40 मिलीलीटर तक कम पेट्रोल / डीजल की बिक्री होती है, जिसके आधार पर प्रतिदिन 20 लीटर डीजल की कम आपूर्ति की जा रही थी। मासिक स्तर पर यह कभी लगभग 600 लीटर तक पहुंचती है, जिसकी अनुमानित कीमत 58,200 (लगभग मूल्य) है।

इसी प्रकार पार्वती दरिया फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पम्प पर प्रति 05 लीटर आपूर्ति में लगभग 40 मिलीलीटर की कमी पाई गई। यहां प्रतिदिन लगभग 2000 लीटर ईंधन की बिक्री के आधार पर करीब 16 लीटर प्रतिदिन तथा लगभग 480 लीटर मासिक कम आपूर्ति दर्ज की गई, जिसकी कीमत लगभग 46,500 रूपये आंकी गई है।

इसके अतिरिक्त रमापीर फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पम्प पर एक नोजल से प्रति 5 लीटर आपूर्ति पर लगभग 40 मिलीलीटर पेट्रोल कम दिया जा रहा था। इस पम्प पर प्रतिदिन लगभग 1500 लीटर पेट्रोल/डीजल की खपत के अनुसार प्रतिदिन लगभग 12 लीटर तथा मासिक स्तर पर लगभग 360 लीटर ईंधन की कमी पाई गई जिसकी कीमत 34,920 है।

16 मई 2026 को भगवती फिलिंग स्टेशन रिटेल आउटलेट पर विभिन्न नोजलों के माध्यम से प्रति 05 लीटर आपूर्ति पर 40 मिलीलीटर तक कम पेट्रोल / डीजल की बिक्री होती है, जिसके आधार पर प्रतिदिन 08 लीटर डीजल की कम आपूर्ति की जा रही थी। मासिक स्तर पर यह कभी लगभग 240 लीटर तक पहुंचती है, जिसकी अनुमानित कीमत 23,280 (लगभग मूल्य) है।
इसी प्रकार पवन फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पम्प पर प्रति 05 लीटर आपूर्ति में लगभग 40 मिलीलीटर की कमी पाई गई। यहां प्रतिदिन लगभग 1500 लीटर ईंधन की बिक्री के आधार पर करीब 12 लीटर प्रतिदिन तथा लगभग 360 लीटर मासिक कम आपूर्ति दर्ज की गई, जिसकी कीमत लगभग 34,920 रूपये आंकी गई है।
इसके अतिरिक्त सुरेन्द्र जिनेन्द्र ट्रेडर्स पेट्रोल पम्प पर एक नोजल से प्रति 5 लीटर आपूर्ति पर लगभग 40 मिलीलीटर पेट्रोल कम दिया जा रहा था। इस पम्प पर प्रतिदिन लगभग 1500 लीटर पेट्रोल/डीजल की खपत के अनुसार प्रतिदिन लगभग 10 लीटर तथा मासिक स्तर पर लगभग 300 लीटर ईंधन की कमी पाई गई जिसकी कीमत 29,100 है।

औचक निरीक्षण के दौरान उक्त पम्प पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन पाए जाने पर सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया। विभागीय कार्रवाई के तहत कुल 11,000 रूपये का जुर्माना भी वसूला गया।

आगामी दिनों में सम्पूर्ण राजस्थान में पेट्रोल पम्पों की नियमित जांच जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करना तथा आमजन को सही माप-तौल के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित कराना है।
यह जानकारी विधिक माप विज्ञान अधिकारी हनु इंद्र सिंह तथा एलएमओ राहुल दुबे ने दी।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button