ब्रेकिंग न्यूज़

पाडीव (गोलिया) में श्मशान भूमि से हटाया अतिक्रमण, प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई

सिरोही(हरीश दवे) ।

जिले के पाडीव गांव में तीन वर्ष पूर्व स्वीकृत सामुदायिक श्मशान भूमि पर किए गए अतिक्रमण को शुक्रवार को प्रशासन के सहयोग से हटाया गया। गोलिया क्षेत्र में स्थित श्मशान भूमि पर लंबे समय से कब्जे की शिकायतें मिल रही थी, जिसके बाद राजस्व एवं ग्राम पंचायत व पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान मौके पर सरपंच देशाराम, ग्राम सचिव चंदूलाल, आरआई (राजस्व निरीक्षक) जितेंद्रकुमार रावल, वार्ड पंच जितेंद्रसिंह सोलंकी तथा मगनलाल प्रजापत सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासनिक टीम ने सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर अवैध कब्जे को हटवाया और भूमि को पुनः सामुदायिक श्मशान के उपयोग के लिए सुरक्षित किया।

ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि यह भूमि तीन साल पहले सामुदायिक श्मशान के लिए स्वीकृत हुई थी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा उस पर अतिक्रमण कर लिया गया था। ग्रामीणों की मांग और लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की।

स्थानीय लोगों ने श्मशान भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे गांव को अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक सामुदायिक सुविधा के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि सार्वजनिक और सामुदायिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button