ब्रेकिंग न्यूज़

परशुराम जन्मोत्सव पर शहर में निकलेगी भव्य शोभा यात्रा

— सुसज्जित रथ व ब्राह्मण समाज की झांकियां रहेगी आकर्षण का केंद्र।

— भगवान परशुराम गार्डन में आखातीज पर होगी विशेष पूजा अर्चना

सिरोही(हरीश दवे) ।

श्री हरि विष्णु के छठे अवतार भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव पर श्री परशुराम भगवान जन्मोत्सव समिति के सानिध्य में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा शहर में शाम 4:00 बजे रामझरोखा मैदान से विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा में सर्व ब्राह्मण समाज के लोग शोभायात्रा में भाग लेंगे। परशुराम जन्मोत्सव को लेकर शहर में श्री परशुराम गार्डन को विशेष रूप से सजाया गया है। सजावट के साथ विशेष रोशनी की व्यवस्था नगर परिषद द्वारा की गई है। आखा तीज की तिथि शाम को शुरू होने के चलते अगले दिन बुधवार को परशुराम गार्डन में सर्व ब्राह्मण समाज के लोग इकट्ठे होंगे जहां भगवान परशुराम का विशेष अभिषेक एवं पूजा अर्चना की जाएगी।
श्री परशुराम जन्मोत्सव समिति के संयोजक आनंद मिश्रा ने बताया कि शाम 4:00 बजे राम झरोखा मैदान से शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा जोकि आयुर्वेद हॉस्पिटल, निलवनी चौक, सदर बाजार, सरजावाव गेट, बस स्टैंड होते हुए भाटकड़ा स्कूल के पास से शनि मंदिर के पास स्थित मैदान में विसर्जित होगी। शोभा यात्रा में घोड़े, रथ, ढोल ताशा व बैंड शामिल होंगे। युवा व ब्राह्मण समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा एवं फरसे के साथ शोभायात्रा में चलेंगे। मार्ग में विभिन्न संगठनों द्वारा जगह-जगह पर जलपान की व्यवस्था रहेगी। शोभा यात्रा के पश्चात समाज बंधुओ के लिए ब्रह्म भोज का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। समिति द्वारा सिरोही सहित आसपास के विभिन्न गांव में जाकर ब्राह्मण समाज के लोगों को शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button