फोरलेन पर 9 वर्ष बाद घायल गोवंश की चिकित्सा सुविधा के लिए मिली एंबुलेंस

शिवगंज(प्रवीण सिंह राव )

ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन सड़क पर वाहनों की टक्कर से घायल होने वाले गोवंश के उपचार सुविधा के लिए 9 वर्ष के बाद उथमण टोल प्लाजा पर नई एंबुलेंस का संचालन शुरु हुआ। बुधवार को फोरलेन पर वाहन की टक्कर से घायल हुए दो गोवंश को पहली बार नई पशु एंबुलेंस से इलाज के लिए गोशाला चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले गोवंश के लिए अब पशु एंबुलेंस की सेवा शुरू होने से ओम श्री गजानंद सेवा समिति अध्यक्ष मंगल मीणा समेत सभी कार्यकर्ताओं का संकल्प पूरा हुआ।पशु एंबुलेंस की मांग को लेकर ओम श्री गजानंद सेवा समिति कार्यकर्ता 9 वर्षों से संघर्ष कर रहे थे। समिति अध्यक्ष मंगल मीणा ने बताया कि पालड़ी एम के पास फोरलेन पर बुधवार को वाहन की चपेट में आने से गोमाता गंभीर घायल हो गई। इसकी सूचना एनएचएआई टोल को दी गई। टोल कर्मी नई एंबुलेंस को लेकर पहली बार घटनास्थल पहुंचे, जहां समिति के कार्यकर्ताओं के सहयोग से घायल गाय को एंबुलेंस से इलाज के लिए परलाई स्थित पांजरा पोल गोशाला पहुंचाया। समिति अध्यक्ष मंगल मीणा, वीरेंद्र सिंह एडवोकेट, पृथ्वीराज सिंह सिसोदिया व टोल कर्मी मौजूद थे।

संपादक भावेश आर्य



