जिला कलेक्टर ने जनगणना प्रशिक्षण का किया अवलोकन

सिरोही(हरीश दवे) ।

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुक्रवार को पिंडवाडा में प्रगणकों व सुपरवाइजर के जनगणना संबंधित प्रशिक्षण में पहुंचकर बताया कि जनगणना से ही देश के प्रत्येक नागरिक से संबंधित सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है। इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकारें विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की योजना बनाती हैं।
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक तक जनगणना का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचे तथा आमजन इसकी उपयोगिता को समझते हुए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने इस कार्य में सुपरवाइजर और प्रगणकों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बात करते हुए सभी का उत्साहवर्धन किया और पूर्ण संवेदनशीलता और गंभीरता से इसकी सफल क्रियान्विति करने को कहा। इस दौरान सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

संपादक भावेश आर्य



