जिला कलेक्टर ने किया आयुर्विज्ञान महाविद्यालय का निरीक्षणबैठक लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

सिरोही, 30 अप्रैल(हरीश दवे)।

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर द्वारा गुरूवार को डाॅ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के निर्माणाधीन अस्पताल, गल्र्स हाॅस्टल, बाॅयज हाॅस्टल, मेस निर्माणाधीन इंटर्न हाॅस्टल बिल्डींग अकादमिक ब्लाॅक का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात उन्होंने प्रधानाचार्य कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्यों की बारीकी से जांच की और सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों के निरीक्षण के दौरान कमरों, वेंटिलेशन सहित अन्य सुविधाओं को देखा तथा निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को बेहतरीन एवं सुदृढ़ शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाया जाना सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने निर्माण कार्यों की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्वालिटी कंट्रोल कमेटी का गठन कर कमेटी के माध्यम से समय-समय पर निर्माण स्थलों का दौरा करने और गुणवत्ता की माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुचारू जलापूर्ति एवं बिजली आपूर्ति के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने गल्र्स एवं बाॅयज हाॅस्टल में साफ-सफाई नहीं होने से निविदा फर्म पर 5 हजार की शास्ति आरोपित करने के निर्देश भी दिए साथ ही सम्पूर्ण महाविद्यालय परिसर में कचरे के उचित निस्तारण के लिए भी सभी जगह आवश्यकता अनुसार कचरा पात्र रखने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने छात्रावासों में बेहतरीन कनेक्टिविटी के लिए भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यहां सिरोही से पालडी एम. की तरफ जाने वाली एवं सिरोही की ओर आने वाली समस्त सरकारी बसों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। जिला कलेक्टर ने बैठक में सीसीटीवी कैमरे, सफाई व्यवस्था, पुलिस चैकी स्थापना, नेटवर्क कनेक्टिविटी, सिवरेज सिस्टम, रेन वाॅटर हाॅर्वेस्टिंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों के संबंध में समीक्षा कर अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान डाॅ. मलकेश मीणा, डाॅ. विरेन्द्र महात्मा, परियोजना निदेशक सौरभ जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


संपादक भावेश आर्य



