राजस्थान विधानसभा आम चुनाव 2023, नाम निर्देशन पत्रों की पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

रेवदर (विक्रम कुमार डाबी)।

रिटर्निंग अधिकारी रेवदर दूदाराम हुड्डा की अध्यक्षता में शनिवार को उपखण्ड कार्यालय में नाम निर्देशन पत्रों के संदर्भ में विधानसभा आम चुनाव 2023 के तहत बनाये गए विभिन्न प्रकोष्ठ के प्रभारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की पूर्व तैयारी बैठक का आयोजन किया गया। विदित है कि दिनांक 30अक्टूबर 2023 से नाम निर्देशन पत्रों की प्रक्रिया शुरू हो रही है। बैठक में रिटर्निंग अधिकारी के द्वारा संबंधित प्रकोष्ठ के प्रभारियों व कर्मचारियों को विभिन्न प्रपत्रों, साख्यिकी सूचनाओं को चुनाव आयोग की वेबसाईट पर समय-समय पर अपलोड करने और चुनाव से संबंधित अन्य तैयारियों पर दिशानिर्देश दिए। स्वीप कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों व अन्य सरकारी कार्यालयों में समय-समय पर मतदाता जागरूकता अभियान गतिविधियां करवाने पर जोर दिया। ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में अधिकाधिक वोट प्रतिशत बढे। विधानसभा आम चुनाव के संबंध में जानकारी देते हुए उपखण्ड अधिकारी दूदा राम हुड्डा ने बताया कि चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न करवाने में हम सभी की महत्त्वपूर्ण भागीदारी है। हम सभी मिलकर इस चुनाव को पारदर्शी तरिके से भयमुक्त होकर आचार संहिता की पालना करते हुए लोकतन्त्र के पर्व में मतदाताओं को विभिन्न माध्यमों से शत-प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित करेगें व आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 का सफल आयोजन करवायेंगे। यह जानकारी कार्यालय के मीडिया प्रभारी मनोज नालिया द्वारा दी गई।
यह रहे उपस्थित
बैठक में सहायक रिटर्निंग अधिकारी वीरमाराम उपखण्ड अधिकारी आबूरोड, मनोहर सिंह तहसीलदार रेवदर, सुनिता चारण तहसीलदार आबूरोड, आसूराम नायब तहसीलदार मण्डार, सहायक प्रभारी केसरसिंह राव प्रधानाचार्य मॉडल स्कूल, रामलाल राठौर व्याख्यता रेवदर, मनोज नालिया प्रभारी एमसीसी सेल सहित संबंधित सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी व कर्मचारी उपस्थित रहें।

संपादक भावेश आर्य



