सफाई व्यवस्था ठप, जर्जर सड़कों से बढ़ा जनजीवन पर संकट — नगर कांग्रेस ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

b47dbe7c-3116-4439-b284-05d7bb56f4e2-1

सिरोही(हरीश दवे)

सिरोही शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था एवं जर्जर सड़कों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिला प्रशासन के खिलाफ चिंता जताते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारी 16 जुलाई 2026 से हड़ताल पर हैं। लगभग 12 दिन बीत जाने के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर परिषद के तीनों जोनों में नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। वर्षा ऋतु के दौरान इनसे उठ रही दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शहर की अधिकांश सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मांग की कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का शीघ्र समाधान कर नियमित सफाई व्यवस्था तत्काल बहाल की जाए। साथ ही, शहर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कर गड्ढों को भरवाया जाए तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर फॉगिंग एवं कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव कराया जाए।

इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन ने कहा कि “यह केवल सफाई और सड़कों का मुद्दा नहीं, बल्कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है। यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए तो नगर कांग्रेस आमजन के हित में व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।”

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन, पूर्व उपसभापति जितेंद्र सिंघी, ईश्वर सिंह डाबी, बाबू खान, अनिल रावल, ज्योति तोलानी, विनोद देवड़ा, सुंदर माली, भरत धवल, कांतीलाल, प्रकाश धवल, उत्तम पटेल एवं प्रवीण नाडोला सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

संपादक भावेश आर्य