ब्रेकिंग न्यूज़

सिरोही में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज, जिला महिला कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

सिरोही(हरीश दवे) ।

सिरोही जिले के कालन्द्री थाना क्षेत्र में हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर जिला महिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रेणुलता व्यास के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि करीब दो माह पूर्व कालन्द्री थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़िता के पुलिस एवं न्यायालय में बयान दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे आमजन में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है।
ज्ञापन के अनुसार, पीड़िता को चाकू की नोक पर जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता के रोने और मदद की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। महिला कांग्रेस ने कहा कि इतने गंभीर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है तथा इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो सकते हैं।
जिला महिला कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता को न्याय दिलाने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button