ब्रेकिंग न्यूज़

व्यवसायिक शिक्षकों का राजधानी में महाआंदोलन,नियमितीकरण की मांग को लेकर जयपुर के शहीद स्मारक पर जोरदार प्रदर्शन,


रक्त से पत्र लिखकर सरकार तक पहुंचाई पीड़ा, सिरोही के प्रशिक्षकों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका,


सिरोही(हरीश दवे) ।

राजस्थान में व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े प्रशिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों, विशेषकर नियमितीकरण को लेकर राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर महाआंदोलन किया। बड़ी संख्या में प्रदेशभर से पहुंचे व्यवसायिक शिक्षकों ने सरकार के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षक वर्षों से विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रशिक्षकों ने कई बार धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की, यहां तक कि सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए रक्त से पत्र लिखकर भी नियमितीकरण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों हरियाणा और दिल्ली में व्यावसायिक शिक्षकों को बेहतर वेतनमान और नियमित सेवाओं का लाभ मिल रहा है। वर्तमान महंगाई के दौर में वहां प्रशिक्षकों को 35 हजार रुपये से अधिक का वेतन दिया जा रहा है, जबकि राजस्थान के प्रशिक्षक लंबे समय से आर्थिक और सेवा संबंधी असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। वरिष्ठ कर्मचारी नेता गोपाल सिंह राव ने बताया कि सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करने और मांगों के शीघ्र समाधान की कामना के साथ व्यावसायिक शिक्षकों ने ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ का भी आयोजन किया। आंदोलन के दौरान सरकार से समान कार्य के लिए सम्मानजनक वेतन, सेवा सुरक्षा एवं नियमितीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई।महाआंदोलन में सिरोही जिले के व्यवसायिक प्रशिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button