अभय राजपुरोहित हत्याकांड:न्याय की मांग को लेकर सिरोही मे महापड़ाव, मुख्यमंत्री के नाम सौपा ज्ञापन

सिरोही(हरीश दवे) ।

ग्राम आमलारी निवासी अभय राजपुरोहित हत्याकांड में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को सिरोही जिला मुख्यालय पर राजपुरोहित समाज ने विशाल महापड़ाव आयोजित किया। जिलेभर के गांवों तथा अन्य जिलों से हजारों की संख्या में महिला-पुरुष रामझरोखा पर एकत्रित हुए और वहां से शांतिपूर्ण न्याय यात्रा निकालते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखीं।
न्याय यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा पंचायत समिति के पास कलेक्ट्रेट गेट से पहले ही समाज के लोगों को रोकने पर प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि राजपुरोहित समाज लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का समर्थक रहा है, इसके बावजूद उन्हें कलेक्ट्रेट गेट तक जाने से रोका गया, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है।
कलेक्ट्रेट परिसर में समाज के लोगों ने करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया और न्याय के समर्थन में नारेबाजी की। इस दौरान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों की उपखंड मजिस्ट्रेट एवं पुलिस उपाधीक्षक के साथ दो दौर की वार्ता हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि अभय राजपुरोहित की निर्मम एवं सुनियोजित हत्या से पूरे राजपुरोहित समाज सहित सर्वसमाज में गहरा आक्रोश और शोक है। समाज ने सात दिनों के भीतर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा ज्ञापन में शामिल मांगों पर प्रभावी निर्णय लेने की मांग की। जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर तत्परता से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी का गठन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में समयबद्ध सुनवाई, हत्या की साजिश से जुड़े सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तथा सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच शामिल है।
इसके अलावा समाज ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक की विधवा पत्नी को सरकारी सेवा में स्थायी नियुक्ति तथा आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई सहित षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राजपुरोहित समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार इस संवेदनशील मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए, ताकि आमजन का कानून व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।





संपादक भावेश आर्य



