ब्रेकिंग न्यूज़

उड़वारिया में ग्रामीण सेवा शिविर का सफल आयोजन, पुश्तैनी पट्टों का वितरण, फार्मर आईडी, बस पास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण लाभान्वित

सिरोही(हरीश दवे) ।

राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत उड़वारिया में ग्रामीण सेवा शिविर, 2026 का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
शिविर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस मौके पर सांसद लुम्बाराम चौधरी ने आमजन से संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। जन सेवा ही हमारा संकल्प है। इस शिविर में पूर्व विधायक जगसीराम कोली, लक्ष्मण , स्थानीय प्रशासक जैताराम चौधरी, दीपेन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में उपखंड अधिकारी राजन लोहिया, ब्लॉक विकास अधिकारी सांवलाराम चैधरी, तहसीलदार मंजू देवासी, शिक्षा विभाग से घनश्याम सिंह आढ़ा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर की प्रमुख उपलब्धियां
ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अनेक महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की गईं, जिसमें प्रमुख रूप सेः- 8 पुश्तैनी पट्टों का मौके पर वितरण कर पात्र परिवारों को भूमि स्वामित्व का अधिकार प्रदान किया गया। राजस्व विभाग द्वारा नाम संशोधन एवं राजस्व रिकॉर्ड शुद्धिकरण सहित विभिन्न प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया। पात्र लाभार्थियों को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में यात्रा हेतु 50 प्रतिशत रियायती बस पास जारी कर वितरित किए गए। लगभग तीन दर्जन किसानों की फार्मर आईडी मौके पर ही बनाकर उन्हें कृषि योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन, व्यक्तिगत शौचालय, पशु बीमा, पालनहार योजना तथा दिव्यांग प्रमाण-पत्र हेतु आवेदन प्राप्त कर उनका आवश्यक पंजीकरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं बेटी के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ष्एक पेड़ बेटी के नाम अभियान की शुरुआत की गई।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
शिविर के समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र नागरिकों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच की दूरी को कम करते हुए सेवाओं को सीधे गाँव तक पहुँचाना है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button