अभिरूचि शिविर में बालिकाएं झूमीं, नाचीं और गाईं,हिंदी, गणित एवं विज्ञान की विशेष स्किल्स सीखीं,

लोकगीतों और बाल कविताओं ने बांधा समां,
रविवार को होगी विशेष प्रतियोगिताएं, विजेताओं का होगा सम्मान,
सिरोही (हरीश दवे) ।

पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरोही में आयोजित ग्रीष्मकालीन अभिरूचि शिविर उत्साह, ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। शिविर में बालिकाओं को हिंदी, गणित एवं विज्ञान विषयों से संबंधित विभिन्न उपयोगी कौशल सिखाए गए।पीएम योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि शिविर में सीएमएफ टाटा ट्रस्ट की सहयोगी संस्था के संदर्भ व्यक्ति नरेंद्र कुमार जाट एवं सुश्री मंजू कुमारी ने बालिकाओं को रोचक एवं नवाचारपूर्ण गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान किया। नरेंद्र कुमार जाट ने बालिकाओं को बाल कविताएं, लोकगीत तथा पुस्तकालय के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। बाल कविताओं और लोकगीतों की प्रस्तुतियों पर बालिकाएं झूम उठीं तथा पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।वहीं सुश्री मंजू कुमारी ने विज्ञान विषय से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से ऑक्सीजन की मात्रा की समझ विकसित करवाई, स्केल द्वारा सटीक मापन करना सिखाया तथा रॉकेट विज्ञान से संबंधित रोचक जानकारियां साझा कीं। गतिविधि आधारित शिक्षण से बालिकाओं में सीखने के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती हीरा खत्री एवं शिविर प्रभारी उपप्रधानाचार्य सुमन कुमारी ने सभी संदर्भ व्यक्तियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी बालिकाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि रविवार को विभिन्न विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।शिविर में ज्ञान, मनोरंजन और रचनात्मकता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिल रही है।


संपादक भावेश आर्य



