सीएस आर कार्यशाला का आयोजन हुआ

सिरोही(हरीश दवे)।

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, सिरोही द्वारा गुरुवार को जिला परिषद सभागार में सीएसआर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री राजेश गोयल ने की।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार, आबू मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री भगवान अग्रवाल, सारणेश्वर उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री मदन मालवीय,जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अनंत आर्य,वीरेंद्र सिंह चौहान,अरुण ओझा सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों एवं कंपनियों के सी.एस.आर. प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के उद्देश्यों, जल संरक्षण गतिविधियों तथा जनभागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने एवं अपने स्तर से विभिन्न गतिविधियों में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री राजेश गोयल ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा उद्योगों की सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन बनाया जा सकता है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने भी सभी औद्योगिक संस्थानों से अभियान को सफल बनाने हेतु सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। कार्यशाला में जेके लक्ष्मी सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, मॉडर्न इंसुलेटर्स, वोल्केम इंडिया तथा भंसाली पॉलिमर्स के सीएसआर प्रतिनिधियों ने अपनी इकाइयों द्वारा संचालित सीएस आर गतिविधियों की जानकारी साझा की.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण एवं जनजागरूकता की शपथ ली और गतिविधियों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


संपादक भावेश आर्य



