“युवाओं के भविष्य और तकनीकी क्रांति के नायक थे राजीव गांधी”- लोढ़ा

सिरोही(हरीश दवे)।

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को शिवगंज स्थित टाउन हॉल उद्यान में कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक व पूर्व सीएम सलाहकार संयम लोढ़ा ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता थे, जिन्होंने देश को सूचना क्रांति के माध्यम से 21वीं सदी की सोच से जोड़ा। उन्होंने ही सबसे पहले महिला आरक्षण बिल संसद में पेश किया जिसमे महिलाओं को पंचायतो व नगर निकायो में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया तथा शिक्षा को आधुनिक बनाने के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 लागू की साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने और बेहतरीन निःशुल्क शिक्षा देने के लिए ‘नवोदय विद्यालय’ की स्थापना की।राजीव गांधी ने युवाओं को मताधिकार (61वाँ संविधान संशोधन)वोट देने की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर दी। इस ऐतिहासिक फैसले से देश के करोड़ों युवाओं को लोकतंत्र में सीधे अपनी भागीदारी निभाने का मौका मिला। पंचायती राज व्यवस्था की नींव उन्होंने लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण (सत्ता को गाँव तक पहुँचाने) की वकालत की। पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा और राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए आवश्यक पृष्ठभूमि तैयार की, जिससे ग्रामीण स्तर पर विकास को नई गति मिली।इसके अलावा मिज़ोरम , अरुणाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया साथ ही लाइसेंस राज को ख़त्म करने के लिए ठोस क़दम उठाये ।लोढ़ा ने कहा कि आज देश को राजीव गांधी जैसे दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है, जिन्होंने सदैव लोकतंत्र, भाईचारे और विकास की राजनीति को प्राथमिकता दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राजीव गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बोलते हुये नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ हनवंत सिंह मेड़तिया ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में जो परिवर्तन किए, उनका लाभ आज पूरा देश उठा रहा है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण रावल ने कहा कि राजीव गांधी ने ग्रामीण भारत को मजबूत करने के लिए पंचायतों को अधिकार देकर लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक पहुंचाया।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वाजिंग राम घांची ने कहा कि कांग्रेस सदैव देशहित और जनहित की राजनीति करती आई है तथा राजीव गांधी का योगदान भारतीय राजनीति में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीणा ने युवाओं से संगठन को मजबूत करने एवं कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
काँग्रेस जिला महासचिव कुशल सिंह देवड़ा ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच और नई दिशा देने का कार्य किया। वहीं जिला एनएसयूआई अध्यक्ष चंपा लाल तिरगर ने कहा कि छात्र एवं युवा वर्ग आज भी राजीव गांधी के विचारों से प्रेरणा ले रहा है।
कार्यक्रम में सुरेश सिंह राव,जगवीर सिंह गोहिल, किस्तूर घांची,राजेंद्र सिंह,महेंद्र वाघेला,फूला राम सुथार,पुरुषोत्तम सूथार,दशरथ सिंह,हबीब शेख,राहुल चावरिया,सुमित परमार,महिराज सिंह,,कल्पेश,मयंक भाटी आदि के साथ कांग्रेस अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


संपादक भावेश आर्य


