ग्रीष्मकालीन कौशल विकास शिविर में छात्राओं का उत्साह,नृत्य व हुनर सीखने उमड़ रही प्रतिभाए,

सिरोही(हरीश दवे)।

राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय सिरोही द्वारा आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विशिष्ट पूर्व बाल मंदिर सिरोही में 18 मई से 16 जून 2026 तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्राएँ नृत्य सहित विभिन्न कौशल सीख रही हैं।शिविर में छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं हुनरमंद बनाने के उद्देश्य से सिलाई, कढ़ाई, मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, कुकिंग, पाक कला, नृत्य एवं संगीत का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता देखने को मिल रही है। विशेष रूप से नृत्य प्रशिक्षण में छात्राएँ पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग ले रही हैं।सीओ स्काउट एम. आर. वर्मा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारना एवं उन्हें व्यावहारिक कौशल से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि इच्छुक छात्र-छात्राएँ अभी भी शिविर में प्रवेश लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।सहायक संचालक गोपाल सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान 31 मई को विश्व धूम्रपान निषेध दिवस तथा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा। इन अवसरों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।शिविर शिक्षा के साथ संस्कार, कौशल और रचनात्मक गतिविधियों का सुंदर संगम बनकर उभर रहा है।अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी बताया है।


संपादक भावेश आर्य


