पुणे वॉरियर्स ने शानदार जीत के साथ खण्डेलवाल केपीएल का खिताब किया अपने नाम

सामाजिक एकता, खेल भावना और रोमांच से भरा क्रिकेट महाकुंभ संपन्न,
विजेता टीम को पचपन हजार नकद एवं ट्रॉफी से किया सम्मानित, विजेता चेन्नई को मिले इकतालीस हजार व ट्रॉफी
सिरोही(हरीश दवे) ।

खण्डेलवाल समाज के युवा खिलाड़ियों का बहुप्रतीक्षित क्रिकेट महाकुंभ खण्डेलवाल प्रीमियर लीग केपीएल रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ शानदार तरीके से संपन्न हुआ। पांच दिवसीय डे-नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट में पुणे वॉरियर्स टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को पराजित कर केपीएल सीजन-11 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, खेल भावना और दर्शकों के उत्साह ने पूरे आयोजन को सामाजिक संगम एवं खेल उत्सव का स्वरूप प्रदान कर दिया।
आयोजन कमेटी के लोकेश खंडेलवाल के अनुसार अरविंद पवेलियन खेल मैदान पर खेले गए भव्य फाइनल मुकाबले में पुणे वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 118 रन का प्रतिस्पर्धात्मक स्कोर खड़ा किया। चेन्नई के बल्लेबाजों ने संयमित शुरुआत करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन पुणे के गेंदबाजों ने सटीक लाइन एवं लेंथ के साथ शानदार गेंदबाजी करते हुए रन गति पर नियंत्रण बनाए रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुणे वॉरियर्स की टीम ने धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन संतुलन दिखाया। टीम ने 17.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 122 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पुणे की ओर से कमलेश ने महत्वपूर्ण 33 रन बनाए, जबकि कौशल ने शानदार 41 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के चलते कौशल को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मोहित 20 रन व जयेश ने 19 रन का योगदान दिया। गेंदबाज सतीश ने तीन विकेट चटकाए।
जैसे ही पुणे वॉरियर्स ने विजयी सिक्स लगाया, पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। खिलाड़ियों, समर्थकों एवं समाज बंधुओं ने मैदान में पहुंचकर टीम की जीत का जोरदार स्वागत किया तथा डीजे की धुनों पर जमकर जश्न मनाया।
समापन समारोह में केपीएल कमेटी द्वारा विजेता टीम पुणे वॉरियर्स को ट्रॉफी सहित पचपन हजार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता चेन्नई सुपर किंग्स टीम को भी ट्रॉफी एवं इकतालीस हजार रुपए सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न भामाशाहों एवं समर्थकों द्वारा विजेता टीम के उत्साहवर्धन के लिए अतिरिक्त पुरस्कार राशियों की भी घोषणा की गई। टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज के विजेता चेन्नई के अर्जुन बने जिन्हें ट्रॉफी और इक्कीस हजार रुपए दिए गए ।इसी प्रकार प्रतियोगिता में श्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में चेन्नई के कमलेश तथा श्रेष्ठ बल्लेबाज स्पार्टन के शैलेंद्र को राशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
24 मैच चॉइस खिलाड़ी मैन ऑफ द मैच –
सभी 24 मैच के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी जिसमें पुणे के सतीश, मारवाड़ के विनायक, गुजरात के विक्रम, स्पार्टन के शैलेंद्र, मुंबई इलेवन के कपिल, आमची मुंबई के सत्या, विराट सुपर किंग के पंकज, आरसीबी के मोक्ष,स्पार्टन के नरेश, राजस्थान सुपर जेंट्स के केडी, साउथर्न स्टार के अमन, पुणे वारियर्स के डॉलर, चेन्नई सुपर किंग के अल्केश, मारवाड़ टाइटंस के जीनय, स्पार्टन के चिंटू, आरसीबी के मदन, आमची मुंबई के सतीश, चेन्नई सुपर किंग के दीपू, पुणे वारियर्स के प्रवीण, मारवाड़ टाइटन के विशाल, साउथर्न के अमन, चेन्नई के अर्जुन तथा पुणे वारियर्स के कौशल को राशि व पदक देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन की हुई सराहना –
आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजन, प्रवासी परिवार, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन कमेटी की व्यवस्थाओं, अनुशासन एवं भव्य आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज की एकता, युवा प्रतिभा और सामाजिक समरसता का श्रेष्ठ मंच बताया। कमेटी के चंपत कुलवाल एवं लोकेश खण्डेलवाल ने सभी टीमों, खिलाड़ियों, भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं, मीडिया बंधुओं, विभिन्न व्यवस्था प्रदाता एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और युवाओं के उत्साह से समाज का टूर्नामेंट निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है। टूर्नामेंट में कमेटी सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।


संपादक भावेश आर्य



