राज्य मंत्री देवासी ने सुनी आमजन की परिवेदनाएं,ग्राम रथ अभियान में निभाई सहभागिता,

सफाई व्यवस्था से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर मनोरा व वराडा के ग्राम विकास अधिकारियों को निलंबित करने के दिए निर्देश
सिरोही(हरीश दवे) ।

राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने बुधवार को ग्राम पंचायत वराडा, मनोरा, भूतगांव, जावाल में ग्राम रथ अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान उनका ढोल ढमाकों के साथ स्वागत किया गया।
उन्होंने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि ग्राम रथ अभियान राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव गांव तक पहुंचाने पात्र लाभार्थियों को जागरूक करने एवं सेवा वितरण को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुचाने के लिए संकल्पित है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री देवासी ने आमजन द्वारा बताई गई विभिन्न विभागों यथा पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवेदनाओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
राज्य मंत्री ने सभी अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए साथ ही विभिन्न परिवेदनाओं का निस्तारण भी किया। प्रधान हंसमुख कुमार ने भी सभी से राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की बात कही।
राज्य मंत्री देवासी ने वराडा व मनोरा में सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए तथा आमजन द्वारा प्राप्त सफाई संबंधित शिकायतों को देखते हुए ग्राम पंचायत वराडा में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी चम्पत कुमार कुम्हार व ग्राम पंचायत मनोरा में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी हरसुख दान आढ़ा को निलंबित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप प्रधान नारायण सिंह, प्रशासक लक्ष्मी देवी, प्रशासक तागाराम हिरागर, तीजा देवी, परमवीर सिंह आढ़ा, कमलेश दवे, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, विकास अधिकारी मंछाराम सहित संबंधित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
राज्य मंत्री देवासी ने सर्किट हाउस सिरोही में भी विभिन्न परिवेदना सुनकर अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान कला जत्था द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया गया। वहीं विभिन्न विभागों की प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया। एलईडी वेन के द्वारा ऑडिया विडियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने ग्राम रथ क्विज में भाग लेकर डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए। इससे पूर्व मंगलवार सांय राज्य मंत्री देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी, प्रधान हंसमुख कुमार ने नवारा में एलईडी वैन के पहुचने पर सभी से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही। इस दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


संपादक भावेश आर्य

