जिला कलेक्टर ने किया गोयली पंचायत का निरीक्षण

सिरोही(हरीश दवे)।

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शनिवार को गोयली में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के तहत आयोजित विशेष ग्राम सभा में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर सुझाव प्राप्त किए व आमजन की समस्याएं सुनी। उन्होंने ग्राम सभा में विभागवार उपस्थित कर्मचारियों से उनके विभाग से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।
इस दौरान ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर तोमर के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखी जिस पर जिला कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए । ग्राम सभा में जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को “स्वच्छ सुजल गांव” व “टीबी मुक्त हो देश” की शपथ दिलवाई । इस दौरान ग्रामीणों ने पंचायत भवन के बाहर नाले में पानी की पाइपलाईन लीकेज होने की समस्या के बारे में भी बताया जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर ठीक करने के निर्देश दिए । इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाशचंद्र अग्रवाल, तहसीलदार जगदीश विश्नोई, अतिरिक्त विकास अधिकारी युगल किशोर धाभाई, महिपाल सिंह चरण सहित अन्य ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे ।

संपादक भावेश आर्य


