राज्यसभा सांसद मदन राठौड ने किया विधायक जन सुनवाई केन्द्र का लोकार्पण

सिरोही,15 अप्रेल(हरीश दवे) ।

राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने बुधवार को पंचायत समिति सिरोही परिसर में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के अन्तर्गत पंचायत समिति परिसर सिरोही में विधायक जन सुनवाई केन्द्र भवन के नवीनीकरण/सुदृढीकरण का उद्घाटन/लोकार्पण किया।
राज्यसभा सांसद मदन राठौड ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनता के हित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है विधायक जनसुनवाई केन्द्र भी आमजन को प्राथमिकता से त्वरित राहत देने का कार्य करेंगे। राठौड ने बताया कि राजनीति सही मायनों में सेवा की प्रतिस्पर्धा है जब भी सेवा की प्रतिस्पर्धा के भाव से राजनीति होगी उससे सदैव जनता का लाभ होगा और देश का विकास होगा। उन्होंने कहा कि सभी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से विकसित भारत के निर्माण के लिए सामुहिकता की भावना के साथ कार्य करें और प्रत्येक जरूरतमंद की सेवा करें। जरूरत मंद की सेवा से सदैव आशीर्वाद मिलता है और सकारात्मक भावों का प्रसार होता है।
उन्होंने इस दौरान ये भी कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और नीति निर्माण के विभिन्न विषयों पर महिलाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने इसके लिए कार्यक्रम में मौजूद सभी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनांए दी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि ये बेहद खुशी का विषय है कि राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में विधायक जनसुनवाई केन्द्र का लोकार्पण किया जा रहा है इसके माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जहां प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा वहीं परिवादियों की समस्याओं का भी निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा विभिन्न बजट घोषणाओं के माध्यम से जिले को विभिन्न विकास कार्यों से लाभान्वित किया है उन्होंने कहा कि जिले में सदैव जनता के सहयोग से पूर्ण सामुहिकता के भाव के साथ विकास कार्यों की क्रियान्विति करते हुए आमजन को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्धारित तिथियों पर जनसुनवाई केन्द्र पर जनसुनवाई प्रारंभ की जाएगी।

सांसद लुम्बाराम चौधरी ने अपने सम्बोधन में कहा कि जनसुनवाई केन्द्र का संचालन होने से आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा साथ ही जनसुनवाई केन्द्र के पास ही सभी सरकारी कार्यालय होने से भी परिवादी लाभान्वित होंगे। उन्होंने इस दौरान जनसुनवाई केन्द्र के पास किसान भवन की आवश्यकता के बारे में भी बताया।
स्वागत भाषण में जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने बताया कि जनसुनवाई केन्द्र में आमजन की समस्याओं का समाधान होगा साथ ही राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम पात्र तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं परिवाद का निस्तारण कर राहत पहुंचाने में भी सुगमता होगी।
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने अपने सम्बोधन में कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप विधायक जनसुनवाई केन्द्र के माध्यम से जहां विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन को गति मिलेगी साथ ही आमजन के सहयोग के साथ जिले को प्रगति के पथ पर भी अग्रसर किया जाएगा।
कार्यक्रम के अन्त में प्रधान हंसमुख कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं एवं घोषणाओं के तहत लाभार्थियों को संबंधित दस्तावेज सौपे गये। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के नवीन गृहप्रवेश के लाभार्थियों को उपहार दिये गए वही शंकरलाल गरासिया की आकाशीय बिजली से मृत्यु होने से पीडित परिवार को 4 लाख रूपए और वर्षा ऋतु 2024 व 2025 में मकान क्षतिग्रस्त होने से मंछाराम, चुन्नीलाल, लीलादेवी, गलबाराम को 4000-4000 रूपए की राशि के दस्तावेज सौंपे गये। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान(सहयोग) योजना के तहत वागाराम, तीजादेवी, इन्द्रादेवी, हन्जादेवी को 31000-31000 रूपए साथ ही मन्जुदेवी को 41000 रूपए की स्वीकृत राशि के दस्तावेज/चैक सौपें गये।
कार्यक्रम में उद्यान विभाग द्वारा पॉली हाउस के लिए गोविन्द सिंह को 16,91,000 रूपए की वितीय स्वीकृति सौंपी गई वही प्लास्टिक मल्च, मंगला पशु बीमा योजना, जैविक खेती पुरूस्कार, उद्यानिकी खेती पुरूस्कार, उज्जवला योजना के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया।
इस दौरान 15 जनवरी, 2026 को घातक विद्युत दुर्घटना में मृत्यु होने पर डिस्कॉम द्वारा स्व. सुश्री जीविका के आश्रित पिता राजाराम घांची को 5 लाख रूपए के भुगतान की स्वीकृति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ रक्षा भण्डारी, विधायक समाराम गरासिया, पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चन्द अग्रवाल, आबूपर्वत उपखण्ड अधिकारी डॉ. अंशुप्रिया, पूर्व विधायक जगसीराम कोली, पूर्व जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया, भुपेन्द्र सैनी, प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित, मनोज सिंघानीया, विरेन्द्र सिंह चौहान, कमलेश दवे, सुरेश कोठारी, दलीप सिंह माण्डानी, नरपत सिंह राणावत,सहित अन्य उपस्थित थे।



संपादक भावेश आर्य



