रोहिडा में प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारम्भ

सिरोही(हरीश दवे) ।

स्वरुपगंज के निकट स्थित रोहिडा गांव में श्री महावीर स्वामी जिनालय के अंजनशलाका – प्रतिष्ठा महोत्सव प्रसंग पर बुधवार से नौ दिवसीय भव्य कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। आज प्रथम दिन प्रतिष्ठाकारक सूरियंत्र समाराधक आचार्य भगवंत श्री रविरत्नसूरीश्वरजी म.सा., आचार्य श्री जयेशरत्नसूरीश्वरजी पन्यास श्री वैराग्यरत्नविजयजी म.सा. आदि अनेक साधु-साध्वीजी भगवंतो का बाजे-गाजे के साथ सामैया पूर्वक भव्य नगर प्रवेश कराया गया। कलशधारी बहिनों ने तीन प्रदक्षिणा देकर मंगल शुकुन दिया। साथ में नूतन प्रभु प्रतिमा देवी-देवताओं का भी नगर प्रवेश कराया गया। कोठारी परिवार के अरविंद भाई की ओर से क्षत्रियकुंड नगरी का उद्घाटन किया गया। इस नगरी में धर्मसभा का आयोजन हुआ। सुप्रसिद्ध संगीतकार अनिलभाई सालेचा ने “वारी जाऊं रे गुरुसा” गुरु भक्ति गीत पेश किया।
आचार्यश्री ने धर्मसभा में कहा कि परमात्मा को अपने दिल में बसाना चाहिए। तालाब और पानी की उपमा देकर कहा कि तालाब के पानी में भैंस की तरह नहीं बल्कि मछली की तरह प्रभु से एकमेय हो जाओ तो आत्म कल्याण संभव होगा। इस प्रतिष्ठा महोत्सव पर रोहिडा नगरवासियों से गांव भर गया है और नगर नई दुल्हन की तरह सजाया गया है। लाभार्थी परिवार की ओर से भरत चक्रवर्ती भोजन खंड का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बडी तादाद में दक्षिण भारत में व्यवसायरत रोहिडावासी के आने से गांव में चहल-पहल देखी गई।


संपादक भावेश आर्य



