अमृता हाट मेले का हुआ भव्य शुभारंभ

राज्य मंत्री देवासी ने स्टॉल का किया अवलोकन एवं सभी का उत्साहवर्धन भी किया
13 से 17 मार्च तक दशहरा मैदान में आयोजित होगा अमृता हाट
सिरोही,13 मार्च(हरीश दवे) ।

जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 13 मार्च से 17 मार्च तक दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले अमृता हाट मेले का शुभारंभ शुक्रवार को राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने किया। राज्यमंत्री देवासी सहित अतिथियों ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर उत्पादों की जानकारी ली एवं महिला स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि अमृता हाट का आयोजन महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट प्रयास है ऐसे मेलों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन होता है साथ ही उत्पादों की पहचान स्थापित करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण और प्रगति के सम्बन्ध में विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है साथ ही विभिन्न घोषणाओं एवं फैसलों के माध्यम से भी महिलाओं के विकास के प्रति प्रतिबद्धता दर्शायी जा रही है। उन्होंने इस दौरान सभी से अपील की कि वे अधिकतम संख्या में अमृता हाट में आकर स्वयं सहायता समूहां की महिलाओं के उत्पादों को खरीदे व उत्साहवर्धन करें।
राज्य मंत्री देवासी ने कहा कि यह दुभार्ग्यपूर्ण है कि कुछ लोगों द्वारा जनता के बीच में भ्रम और भय का वातावरण निर्मित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहता हुं कि सिरोही सहित सम्पूर्ण राजस्थान में डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। पश्चिम एशिया में बढते तनाव के बीच, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हर घर तक एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु तेल रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो। मेरा सभी प्रबुद्ध नागरिकों से आग्रह है कि निहित स्वार्थों द्वारा फैलाई जा रही अफवाह और झुठे प्रचार के झांसे मे न आएं। राजस्थान सरकार जनहित और राष्ट्रहित के प्रति सदैव सजग एवं पूरी तरह संकल्पित है।
प्रधान हँसमुख कुमार ने अमृता हाट मेले के आयोजन पर खुशी व्यक्त की और इसे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आत्म विश्वास बढाने वाला और प्रगति में सहायक बताया। उन्होंने उत्पादों की भी सराहना की एवं सभी का उत्साहवर्धन किया।
जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने सभी को बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं में आत्मविश्वास में बढोतरी होती है उन्होंने कहा कि अमृता हाट में सहभागिता निभाने वाली सभी महिलाएं अन्य महिलाओं के लिए रोल मॉडल है। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग अंकिता राजपूरोहित ने सभी का स्वागत एवं कार्यक्रम के अन्त में महाप्रबंधक उद्योग विभाग अनन्त आर्य ने बताया कि अमृता हाट में एक जिला एक उत्पाद के तहत मार्बल उत्पाद की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, डीएलएसए सचिव सावित्री आनन्द निर्भीक, तहसीलदार जगदीश विश्नोई, एसआरएम चेतन कुमार, विरेन्द्र सिंह चौहान, गोपाल माली, चिराग रावल, रोहित खत्री, बाबु सिंह माकरोडा, कैलाश मेघवाल, अनिल प्रजापत, जितेन्द्र खत्री सहित अन्य उपस्थित थे।
गौरतलब है कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार से जोडकर उन्हे आत्मनिर्भर व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूहो के द्वारा निर्मित/मूल्य सवंर्धित उत्पादो के प्रदर्शन, विपणन तथा उनकी अलग पहचान स्थापित करने हेतु सिरोही जिले में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय अमृता हाट का आयोजन दशहरा मैदान सिरोही में आयोजित किया जा रहा है। अमृता हाट में राज्य भर के लगभग 40 स्वयं सहायता समूह शिरकत कर रहे है। स्वयं सहायता समूह द्वारा हस्तशिल्प उत्पाद, मसाले, जूट बैग, टेराकोटा का सामान, बंदनवार, आचार, कोटा डोरिया साडिया, बडी, पापड, मिट्टी के बर्तन, फैन्सी आईटम, चमडे की जूतियाँ, बांस के आईटम के भी समूह भाग लेगे। इसके साथ ही उद्योग विभाग द्वारा एक जिला एक उत्पाद अन्तर्गत भी क्षेत्र की कई इकाईयो द्वारा भी भाग लिया जा रहा है।


संपादक भावेश आर्य


