गणपति विसर्जन के दौरान नदी में डूबा 15 साल का किशोर, 2 घंटे बाद मिला शव

4e7b66af-558b-451c-8cad-722073bf0d0d

ऐसाऊ नदी में हादसा: झाडोली निवासी सुमित गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में गया, सिविल डिफेंस के गोताखोरों ने निकाला शव

झाड़ोली(हरीश दवे) ।

गणपति विसर्जन की खुशियों के बीच शुक्रवार को ऐसाऊ गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी के गहरे पानी में जाने से 15 वर्षीय किशोर सुमित कुमार पुत्र कैलाश प्रजापत निवासी झाडोली की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सिविल डिफेंस की टीम ने किशोर का शव नदी से बाहर निकाला।

विसर्जन के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया

शुक्रवार दोपहर बाद ऐसाऊ गांव की नदी के पास गणपति प्रतिमा के विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान सुमित कुमार अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची।

उपखण्ड अधिकारी–डीएसपी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची

हादसे की सूचना पर उपखंड अधिकारी नरेंद्र जांगिड़, डीएसपी राहुल मीणा और थानाधिकारी चैल सिंह, उपखण्ड अधिकारी निजी सहायक सुरेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने सिरोही से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया। गोताखोरों ने नदी में तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव बरामद किया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव


पुलिस ने शव को पिंण्डवाड़ा सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हादसे के बाद गणपति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन अब यह भी जांच कर रहे हैं कि विसर्जन के दौरान मौके पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और नदी के गहरे हिस्से में लोगों के जाने से रोकने के लिए क्या व्यवस्था की गई थी।

संपादक भावेश आर्य