राजमहल चौराहे पर अधूरा सीवरेज कार्य बना जी का जंजाल, सड़कों पर बह रहा गंदा पानी

सिरोही(हरीश दवे)।

शहर के व्यस्ततम राजमहल चौराहे पर एलएंटी-रूडीप (L&T-RUIDP) द्वारा बनाया गया सीवरेज गटर का चैंबर स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत का कारण बन गया है। इस चैंबर में आसपास के दर्जनों घरों का गंदा पानी एकत्रित हो रहा है, लेकिन आगे निकासी की उचित व्यवस्था न होने से समस्या विकराल रूप ले चुकी है।
आगे पाइपलाइन जोड़ना भूले जिम्मेदार
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस चैंबर के निर्माण के बाद इसे आगे मुख्य सीवरेज लाइन से नहीं जोड़ा गया। निकासी पाइपलाइन के अभाव में चैंबर अपनी क्षमता से अधिक भर जाता है और ओवरफ्लो होकर गंदा पानी मुख्य सड़क पर बहने लगता है।
अस्थायी समाधान से कब तक चलेगा काम?
नगर परिषद द्वारा रोजाना टैंकर-गाड़ी भेजकर इस चैंबर को खाली करवाया जाता है। लेकिन यह व्यवस्था महज कागजी खानापूर्ति और फौरी राहत साबित हो रही है। कुछ ही घंटों में चैंबर फिर से भर जाता है और बदबूदार पानी सड़क पर फैल जाता है।
बीमारियों और हादसों का बढ़ा खतरा
स्वास्थ्य पर संकट:
सड़क पर बहते गंदे पानी और उससे उठती दुर्गंध से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका लगातार बनी हुई है।
यातायात बाधित:
राजमहल चौराहा एक प्रमुख मार्ग है, जहाँ से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री गुजरते हैं। सड़क पर जमा सीवरेज के पानी के कारण आए दिन हादसे और फिसलने की घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय निवासियों की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि टैंकर से पानी निकालने की खानापूर्ति बंद कर मौके का निरीक्षण किया जाए। अधूरे पड़े कार्य को तुरंत पूरा करते हुए इस चैंबर से आगे पाइपलाइन बिछाई जाए और इसे मुख्य सीवरेज लाइन से जोड़ा जाए, ताकि आम जनता को इस स्थाई समस्या से निजात मिल सके।




संपादक भावेश आर्य



