ब्रेकिंग न्यूज़

सिरोही में भव्य एवं विराट 10वें वर्ष की कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न

500 से अधिक शिवभक्तों ने लिया भाग, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर

सिरोही(हरीश दवे)।

श्री कांवड़ यात्रा आयोजन समिति, सिरोही के तत्वावधान में आयोजित 10वें वर्ष की भव्य एवं विराट कांवड़ यात्रा रविवार को श्रद्धा, आस्था, उत्साह एवं सामाजिक एकता के वातावरण में सम्पन्न हुई। यात्रा में लगभग 500 से अधिक कांवड़ यात्रियों, महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने पूरे तन-मन और समर्पण के साथ भाग लेकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ श्री राम झरोखा मंदिर, सिरोही से पूजा-अर्चना एवं भगवान शिव की आराधना के साथ हुआ। कांवड़ यात्रियों ने अपने कंधों पर पवित्र जल से भरी कांवड़ धारण कर यात्रा प्रारंभ की। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” एवं भगवान शिव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं, युवाओं एवं अन्य श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा में कदम से कदम मिलाकर भाग लिया। भगवा ध्वजों और धार्मिक जयघोषों के बीच निकली यात्रा ने सिरोही में श्रद्धा एवं भक्ति का अद्भुत वातावरण बना दिया।

श्री राम झरोखा मंदिर से रवाना होकर कांवड़ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री सारनेश्वर महादेव मंदिर पहुँची। मंदिर पहुँचने पर कांवड़ यात्रियों ने भगवान सारनेश्वर महादेव का विधिवत पूजन किया तथा पवित्र जल से महाजलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्रा में शामिल प्रत्येक कांवड़ यात्री ने अनुशासन एवं श्रद्धा के साथ यात्रा को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल, प्रसाद एवं सेवा की व्यवस्थाएं भी की गईं।

इस अवसर पर श्री कांवड़ यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज प्रजापत, उपाध्यक्ष माणक प्रजापत, सचिव दिनेश माली तथा कोषाध्यक्ष विक्रम प्रजापत सहित समिति के पदाधिकारी एवं अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनके साथ मंछाराम माली, प्यारेलाल पंडित जी, धनाराम माली,निरंजन सिंह राठौड, हसमुख प्रजापत, वरदीचन्द माली, रावाराम सैन,कालूराम पुरोहित जितेंद्र खंडेलवाल,अजय भट्ट,नारायण लाल माली,दलपत माली सहित अनेक प्रमुख कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने यात्रा में सहभागिता निभाई।

निरंजन सिंह राठौड, डायरेक्टर, रूपरजत इंटरनेशनल स्कूल द्वारा कांवड़ यात्रियों को जाने के लिए बस की व्यवस्था भी की गई, जिससे यात्रियों को सुविधा मिली। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न सामाजिक संगठनों, भामाशाहों, सेवा सहयोगियों एवं स्थानीय नागरिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आयोजन समिति की ओर से सभी कांवड़ यात्रियों, मातृशक्ति, युवाओं, सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों, सहयोगकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पुलिस प्रशासन एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।

कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि 10वें वर्ष की यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सिरोही की सामाजिक एकता, भाईचारे, सेवा भावना और भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक बन गई है। यात्रा में जिस प्रकार बड़ी संख्या में लोगों ने पूरे तन-मन से भाग लिया, उससे आयोजन समिति का उत्साह और बढ़ा है।

आयोजन समिति ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से भविष्य में भी कांवड़ यात्रा को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि सिरोही की धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा निरंतर मजबूत होती रहे।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button