‘नशा मुक्त युवा -विकसित भारत’ संकल्प अभियान कार्यक्रम आयोजित;

युवाओं ने सुना प्रधानमंत्रीजी का लाइव संवाद
सिरोही(हरीश दवे)’।

विकसित भारत’ के निर्माण और समाज को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ, सिरोही के आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण युवाओं द्वारा देखा गया। इस अवसर पर क्षेत्र के युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेष लाइव संवाद सुना और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। माय भारत कार्यक्रम में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग से अशोक विश्नोई, नरेश चौधरी, आदर्श विद्या मंदिर से प्रभारी अधिकारी कालूराम, प्रदीप कुमार और हितेश कुमार ने शिरकत की। अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक स्वस्थ, सशक्त और व्यसनमुक्त युवा ही ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए उपस्थित सभी युवाओं को ‘माई भारत’ (MY Bharat) कैप्स वितरित की गईं।
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का पूरा जिम्मा युवा स्वयंसेवकों की एक ऊर्जावान टीम ने उठाया। इस पूरे आयोजन का सफल प्रबंधन युवा स्वयंसेवक उदय प्रजापति, राजू सुथार, विकास कुमार, नित्या ओझा, कपिल और राहुल द्वारा किया गया। स्वयंसेवकों ने मेहनत, समन्वय और समर्पण के परिणामस्वरूप कार्यक्रम आयोजित किया ।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी एनसीसी, माय भारत, स्काउट व अन्य युवाओं, अतिथियों और विद्यालय परिवार ने एक स्वर में समाज को नशामुक्त बनाने और प्रधानमंत्री जी के दृष्टिकोण के अनुरूप भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।


संपादक भावेश आर्य



