ब्रेकिंग न्यूज़

“आजादी के दीवाने” श्रृंखला का शुभारंभ, विद्यार्थियों को महापुरुषों की जीवनी और आदर्शों से कराया जाएगा परिचित

सिरोही(हरीश दवे)।

जिले के समस्त पंजीकृत मदरसों एवं राजकीय अल्पसंख्यक बालक छात्रावास में दिनांक 1 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक “आजादी के दीवाने” श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। इस श्रृंखला के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातःकालीन प्रार्थना सभा तथा छात्रावास में सांयकालीन सभा के दौरान देश की स्वतंत्रता, एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन एक स्वतंत्रता सेनानी अथवा वीर शहीद के जीवन, उनके त्याग, संघर्ष, राष्ट्रसेवा एवं प्रेरणादायी प्रसंगों से विद्यार्थियों को अवगत कराया जाएगा, जिससे वे उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित भाव विकसित कर सकें।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चौधरी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व एवं भाईचारे की भावना का विकास करना, संविधान में निहित नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील एवं राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले आदर्श नागरिक के रूप में विकसित करना है।

श्रृंखला का शुभारंभ आज महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर मदरसा मंडार शिवगंज ईसरा रेवदर भाटकडा सरूपगंज सिरोही रोड सांतपुर में विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, विचारों एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान से परिचित कराया गया। साथ ही उन्हें सत्य, अहिंसा, सद्भाव एवं सेवा के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button