ब्रेकिंग न्यूज़

ग्राम रथ अभियान का भव्य शुभारंभ गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी


-ग्राम रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
-13 विभागों की योजनाओं का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार, 15 दिवस तक चलेगा अभियान


सिरोही (हरीश दवे) ।

राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव गांव तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया।
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, प्रधान हंसमुख कुमार व जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक जगसीराम कोली, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद अग्रवाल, सीओ मुकेश चौधरी, एसीईओ शैलेन्द्र जोशी, गणपतसिंह, महिपाल चारण सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अभियान संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जन-जन तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने बताया कि ग्राम रथ अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करना तथा वृह्द स्तर पर प्रचार-प्रसार करना हैं। इन रथों के माध्यम से प्रत्येक पात्र तक योजनाओं की जानकारी पहुचेंगी और अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पहुचेगा।
शुभारंभ समारोह में लोक कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुति
अभियान के शुभारंभ समारोह में लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी गई जिसमें राज्य सरकार के द्वारा दो साल में किए गए कार्यों के बारे में बताया गया।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में करेंगे प्रचार
अभियान के तहत जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों सिरोही शिवगंज, आबू पिंडवाड़ा और रेवदर की ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन 4 से 5 स्थानों पर पहुंचकर ऑडियो-वीडियो माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा।
13 विभागों की योजनाओं का समावेश
ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक प्रचार सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई है।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संदेश का किया जाएगा प्रसारण
अभियान के दौरान ग्राम रथों में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश एवं संवाद प्रसारित किया जाएगा।
सुदृढ़ मॉनिटरिंग व्यवस्था
अभियान के सफल संचालन के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा संबंधित उपखंड अधिकारियों को विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिससे अभियान की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
सुझाव पेटिका से मिलेगा जन-फीडबैक
ग्राम रथों में सुझाव पेटिका की व्यवस्था भी की गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों के सुझाव एकत्रित कर राज्य सरकार तक पहुंचाए जाएंगे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में और सुधार किया जा सके।
कला जत्थों द्वारा दी जाएगी प्रस्तुतियां
अभियान के दौरान स्थानीय कलाकारों के कला जत्थों द्वारा संध्या चौपाल के माध्यम से लोक शैली में योजनाओं एवं ‘ग्राम’ आयोजन का आकर्षक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button