अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण, बालिकाओं से संवाद कर बढ़ाया उत्साह,

पोषाहार से लेकर प्रयोगशालाओं तक हर व्यवस्था का लिया जायजा, कक्षा में पहुंचकर पढ़ाया राजनीति विज्ञान, संविधान पर हुई रोचक चर्चा
सिरोही(हरीश दवे) ।

पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरोही में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश कुमार गोयल ने गुरुवार को औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोषाहार व्यवस्था की गुणवत्ता, भंडारण, रिकॉर्ड एवं स्वच्छता की बारीकी से जांच की और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी प्रतिक्रियाएं जानी।प्रधानाचार्य श्रीमती हीरा खत्री एवं पीएम श्री प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पोषाहार ग्रहण कर रही बालिकाओं से विभिन्न प्रश्न पूछकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। उन्होंने पोषाहार प्रभारी श्रीमती चन्द्रकान्ता चौहान से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान उन्होंने संविधान कक्ष, बाल वाटिका, हर्बल गार्डन, स्टाफ रूम एवं विभिन्न प्रयोगशालाओं का भी दौरा किया। साथ ही स्टेट ओपन स्कूल की परीक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।विशेष रूप से कक्षा 12 की राजनीति विज्ञान की कक्षा में पहुंचकर डॉ. गोयल ने बालिकाओं से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने भारतीय संविधान, महिला अधिकार, संसद की कार्यप्रणाली एवं चुनाव प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की और प्रश्नोत्तर के माध्यम से छात्राओं की समझ को परखा। बालिकाओं ने भी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सहभागिता निभाई।निरीक्षण के अंत में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने और निरंतर सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। यह निरीक्षण न केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा रहा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव भी साबित हुआ।पीएम श्री प्रभारी गोपाल सिंह राव ने पीएम श्री की गतिविधियों की जानकारी दी।उप प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन कुमारी व देवीलाल साथ रहे ।


संपादक भावेश आर्य


