ब्रेकिंग न्यूज़

जिला कलेक्टर ने पिंडवाड़ा में किया विभिन्न स्थानों का अवलोकन और दिए आवश्यक निर्देश


सिरोही(हरीश दवे) ।

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने गुरूवार को उपखंड क्षेत्र पिंडवाड़ा के ग्राम पंचायत जनापुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक विभाग की टेबल पर जाकर अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यो की जानकारी ली। उन्होंने राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र को लाभान्वित करने और आमजन की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में सभी विभागों के अधिकारियों से प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जनापुर पटवारी/भू.अ.निरीक्षक को लक्ष्यानुरूप नामांतरण, सहमति से होने वाले बंटवारे, नाम शुद्धि, फार्मर रजिस्ट्रेशन आई.डी. हेतु, ग्राम विकास अधिकारी से वितरण किये गये पट्टे बनाने की जानकारी ली तथा नियमानुसार पट्टा विहीन को पट्टा जारी करने के निर्देश दिए।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव में पेयजल की समस्या से अवगत करवाया। जिस पर जिला कलेक्टर ने जन स्वा.अभि. विभाग व बत्तीसा नाला सहायक अभियंता से जानकारी ली। बत्तीसा नाला सहायक अभियंता के द्वारा अवगत करवाया गया कि वर्तमान सप्लाई पंचायत के द्वारा की जा रही है जो कि दुरूस्त योग्य है।
जिला कलेक्टर ने पेयजल सप्लाई दुरुस्त करने के लिए सरपंच को बत्तीसा नाला सहायक अभियंता से समन्वय कर उच्च जलाशय के मार्फत पेयजल सप्लाई करने के लिए निर्देशित किया।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव में विद्युत कटौती, कम लोड आदि के बारे में भी अवगत करवाया। इस पर सहायक अभियंता विद्युत विभाग ने बताया कि 2 नये ट्रांसफार्मर हाल ही में लगाये गये है। जिला कलेक्टर ने उन्हें पिछले 1 माह में की गई विद्युत कटौती की रिपोर्ट पेश करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने माधव विश्वविद्यालय के पास एन.एच.टीम की उपस्थिति में हाईवे पर किये गये माईक्रो वर्क का निरीक्षण किया। सड़क दुर्घटना में कमी लाने के लिए अवैध कट को बंद करने के लिए निर्देशित किया।
जिला कलेक्टर ने बारीघाटा, खड़ात हनुमान टेकरी बायपास, सरूपगंज बजरंग चौराहा और जनापुर चौराहा का अवलोकन एन.एच.ए.आई. के अधिकारियों के साथ किया और प्रगतिरत कार्यों के बारे में आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी नरेंद्र जांगिड़, विकास अधिकारी ईश्वर चौहान, तहसीलदार रूपाराम व अन्य अधिकारी कर्मचारी तथा एन.एच.टीम उपस्थित रहे।

संपादक भावेश आर्य

Related Articles

Back to top button