“राज्यमंत्री देवासी ने दी पैलिएटिव केयर वाहिनी को हरी झंडी – गंभीर मरीजों को घर पर मिलेगा उपचार”

सिरोही(हरीश दवे) ।

जिले में असाध्य और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को घर पर ही उपचार और देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मरू प्रकाश पैलिएटिव केयर वाहिनी का शुभारंभ आज राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री ओटारामजी देवासी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर सांसद श्रीमान लुंबाराम चौधरी , जिला प्रमुख श्रीमान अर्जुनराम पुरोहित , भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती रक्षा भंडारी ,जिला कलेक्टर महोदया श्रीमती अल्पा चौधरी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
उद्देश्य और लाभ
पैलिएटिव केयर वाहिनी के माध्यम से ऐसे गंभीर मरीज, जो अस्पताल आने में असमर्थ हैं, को उनके घर पर ही चिकित्सा सुविधा, देखभाल और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अंतर्गत मरीजों को निम्न लाभ मिलेंगे:
दर्द, सांस की तकलीफ, बेचैनी आदि से राहत।
मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद से दूर रखने हेतु मनोवैज्ञानिक सहयोग।
मरीज और परिवार को भावनात्मक संबल प्रदान करना।
लाभार्थी
यह सेवा मुख्य रूप से कैंसर, लकवा, हृदय रोग, स्ट्रोक, एड्स, न्यूरोमस्कुलर रोग, दीर्घकालिक श्वसन रोग और अन्य असाध्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों के लिए है। चिकित्सा विभाग का मानना है कि गंभीर मरीज अपने परिजनों के बीच अधिक प्रसन्न रहते हैं और उनकी देखभाल भी बेहतर तरीके से संभव हो पाती है।
संपर्क सुविधा
इस सुविधा का लाभ लेने हेतु जिले के निवासी निम्न स्थानों पर संपर्क कर सकते हैं:
डॉ देश बंधु शर्मा, नोडल पर्सन, कार्यालय उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी,सिरोही – मोबाइल नंबर – 9414705614
एवं
समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, जिला सिरोही
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी , उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि इसके लिए माइक्रोप्लान बनाया जाएगा जिसमे गाड़ी के जाने का रूट प्लान बनाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर किसी भी मरीज के घर जा सकेगी ।
सीएमएचओ डॉ दिनेश खराडी ने बताया कि पैलिएटिव केयर वाहिनी के शुभारंभ से जिले में गंभीर रोगियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा, देखभाल और मानवीय संवेदना से युक्त सेवा उनके अपने घर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।

संपादक भावेश आर्य



