
शिवगंज(हरीश दवे)।
शिवगंज शहर में पर्यटन को बढावा देने तक आम नागरिकों के सैर सपाटे के उद्देश्य से विधायक संयम लोढा की मंशा के अनुरूप नगर पालिका प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों से शहर के प्राचीन डिग्गीनाडी के सौन्दर्यकरण का कार्य शुक्रवार से विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढा ने समारोह पूर्वक इस कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। साथ ही शहर के करण नगर, महावीर नगर एवं श्रीजी कॉलोनी में पालिका प्रशासन की ओर से विकसित की गई चार वाटिकाओं सियाराम वाटिका, राधाकृष्ण वाटिका, सावित्री बाई फूले उद्यान तथा भगतसिंह पार्क का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर इन कॉलोनी के निवासियों ने विधायक लोढा का नागरिक अभिनंदन भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढा ने कहा कि अंग्रेजी हुकुमत के समय में बनी शहर की प्राचीन डिग्गीनाडी हमारी पीढी के लोगों के दिलों में बसी हुई है। वह एक जमाना हुआ करता था जब व्हाट्सएप, फेसबुक सहित खेलने कूदने के लिए संसाधन जो आज होते है वह नहीं हुआ करते थे। उस समय एक यह डिग्गीनाडी ही देखने और टहलने का स्थान हुआ करता था। उस समय हम सभी का सपना हुआ करता था कि डिग्गीनाडी भी खुबसूरत बने। यह सपना आज पूरा हो रहा है। विधायक ने कहा कि इस नाडी को विकसित करने के लिए जो प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। उसके अनुरूप जब यह कार्य पूरा हो जाएगा उस समय निरूसंदेह यह शहर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा। यहां टापू पर शानदार रेस्टोरेंट सहित बोटिंग की भी सुविधा होगी। भ्रमण के लिए वॉक वे बनेगा साथ ही आकर्षक रोशनी लोगों को आत्मिय शांति प्रदान करेगी।
विधायक लोढा ने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान जो भी विकास के काम करवाएं गए है वह आने वाली पीढी की आवश्यकताओं को देखते हुए पूरी प्लानिंग से उनके अनुरूप करवाए गए है। विधायक ने कहा कि उनकी इच्छा है कि आने वाले समय में सिरोही भारत ही नहीं बल्कि विश्व में अपनी पहचान कायम करें, उसी सोच के अनुरूप कार्य करवाए जा रहे है। आम्बेश्वर महादेव मंदिर के समीप वाडा खेडा जोड का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि इस जोड को सेंचूरी के लिए रिजर्व करवाने का ख्याल उनके दिमाग में तंजानिया की यात्रा के दौरान आया था। वहां इस बात का अहसास हुआ कि उन लोगों ने जंगल को अपनी इकोनोमी का आधार बना रखा है। तंजानिया से लौटने के बाद वाडा खेडा जोड जो चारों तरफ से चारदिवारी से सुरक्षित है, जहां भारी संख्या में काले हिरण, भालू सहित लेपर्ड व कई वन्यजीव विचरण करते है। इसें सेंचूरी बनाने के लिए दो साल का समय लगा। वन विभाग की ओर से सेंचूरी घोषित करने के बाद मुख्यमंत्री ने अंग्रेजी बबूल हटाने के लिए पांच करोड रूपए स्वीकृत किए है। आने वाले समय में यह एक शानदार अभ्यारण बनेगा। उन्हें उम्मीद है कि माउंट आबू आने वाले जो भी पर्यटक है वह अपना एक दिन इस सेंचूरी में अवश्य व्यतित करेंगे। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढेंगे। इसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ रहे है। उम्मीद है कि जनता के आशीर्वाद से हमारे यह सपने अवश्य पूरे होंगे।
कॉलोनी के लोगों को दी मंदिर बनाने की जिम्मेदारी इस मौके पर विधायक लोढा ने महावीर नगर एवं श्रीजी नगर में पालिका प्रशासन की और से तैयार करवाई गई सियाराम वाटिका एवं राधाकृष्ण वाटिका में भगवान श्रीराम और सीता माता एवं भगवान श्री कृष्ण एवं राधा का मंदिर बनाने की जिम्मेदारी कॉलोनी के लोगों को देते हुए कहा कि वहां इन मंदिरों का निर्माण कर वाटिकाओं के नाम को सार्थक किया जाए। उन्होंने सावित्री बाई फूले एवं भगतसिंह वाटिका में नगर पालिका की ओर से मूर्ति लगवाने का भरोसा दिलाया।
विधिवत किया शिलान्यास व लोकार्पण इससे पूर्व विधायक लोढा के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर नगर पालिका अध्यक्ष वजींगराम घांची सहित अधिशासी अधिकारी ललितसिंह देथा ने उनकी अगुवाई करते हुए स्वागत किया। तत्पश्चात विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना कर एवं शिलालेख स्थापित कर डिज्गीनाडी के सौन्दर्यकरण कार्य की शुरूआत की। साथ ही शहर में विकसित की गई चार वाटिकाओं के शिलालेखों का अनावरण कर उनका विधिवत लोकार्पण किया। इस मौके पर विधायक का नागरिकों की ओर से नागरिक अभिनंदन भी किया गया। समारोह को गणपत त्रिवेदी, पार्षद इन्द्रा देवी कुमावत ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन सोमप्रसाद साहिल ने किया।
इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम में तहसीलदार पेमाराम पूनिया, पालिका उपाध्यक्ष चंपादेवी कुमावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मदन माली, पीसीसी सदस्य हरीश राठौड, पार्षद इन्द्रा देवी कुमावत, गोशाला अध्यक्ष बाबूलाल परिहार, हीरालाल पालीवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, पूर्व अध्यक्ष जूली चौहान, पार्षद मालमसिंह, मोहन लाल माली, अल्पेश माली, किस्तुर घांची, राजेन्द्रसिंह, प्रवीण जैन, जगवीरसिंह गोहिल, मालमसिंह, हबीब शेख, प्रकाश मीना, अरविंद परारिया, राजेन्द्र माली, महेन्द्र राठौड, महेन्द्रसिंह चौधरी, दिनेश अग्रवाल, सुरेशसिंह राव, कुशल देवडा, कोमल परिहार, सीमा गहलोत, खीमचंद परारिया, नारायण सोनी, मुकुट अरोडा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
संपादक भावेश आर्य