
लोकतंत्र में हार-जीत चलती रहती है। जनता ने विपक्ष में काम करने का फैसला दिया उसे स्वीकार करते है
कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहे, कांग्रेस की ओर से किए गए कार्यो को जन जन तक पहुंचाए
कार्यकर्ता उदासी के माहौल से बाहर आए, रामजी आ रहे है खुशियां व उत्सव मनाए
सिरोही(हरीश दवे) ।

सिरोही-शिवगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संयम लोढा ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार है और सिरोही में चार इंजन की सरकार। जिला प्रमुख भाजपा का, प्रधान भाजपा का, विधायक भाजपा का और सांसद भी भाजपा का। कांग्रेस के कार्यकर्ता बहादुर है, जो इस चार इंजन की सरकार के सामने कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बैठक में आए है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद कार्यकर्ताओं में उदासी का माहौल है, उससे बाहर आए। जनता के फैसले को सहर्ष स्वीकार करते हुए आने वाली 22 तारिख को रामजी आ रहे है। अभी उत्सव का माहौल है, खुशियां मनाए, खुब आनंद उठाए और रामधुन लगाए। पूर्व विधायक गुरुवार को सिरोही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में उपिस्थत कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
पूर्व विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में एक राजनीति कार्यकर्ता के लिए हार जीत कोई मायने नहीं रखती उसे तो अनवरत कार्य करना ही है। सिरोही की जनता ने जो फैसला दिया है उसे स्वीकार करते है। जनता ने आदेश दिया है कि आप विपक्ष में रहकर कार्य करो तो हमने उसे स्वीकार किया है। सिरोही की जनता के लिए हमेशा कार्य करते रहेंगे। पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारा यह दायित्व बनता है कि जो काम हमने शुरू करवाए है वह रूकने नहीं चाहिए, उनको गति दिलवानी है। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व यह भी है कि भाजपा जिन वादों के साथ में सरकार में आई है उनकी क्रियान्विति होनी चाहिए। यदि नहीं तो हमें संघर्ष कर जनता को उसका लाभ दिलवाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजूट व मजबूत रहने की अपील करते हुए कहा कि एकजूट रहोगे तो किसी की भी तुम्हे परेशान करने की हिम्म्त नहीं होगी। आपका जो भी वाजिब काम है वह लेकर सीधे अफसर के पास जाए यदि नहीं होता है तो हम आपके साथ है। अधिकारी को यह अहसास करवाने में पांच मिनट भी नहीं लगेंगे कि आपको सबके काम करने है। उन्होंने कहा कि बडे अधिकारी तो वैसे भी नियमों से ही कार्य करते है। नीचे के कुछ अधिकारी होते है जो सरकार परिवर्तन होने पर दबाव में आकर काम करते है। इस दौरान उन्होंने चुनाव के बाद कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं के घरों पर पथराव, मारपीट की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज बदल गया तो इसका मतलब यह नहीं कि आप किसी के माथे पर बैठ जाओगे। यहां तो कानून का ही राज चलेगा। पूर्व विधायक ने कहा कि यह तो राजनीतिक लडाई है जीवन भर चलेगी। डरना किसी से नहीं है। लोढा ने कांग्रेस की ओर से देश के विकास में दिए गए योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि हमारी यह कमजोरी है कि हम कांग्रेस की ओर से देश के लिए किए गए कार्यो की घर घर तक जानकारी नहीं पहुंचाते। पूर्व विधायक ने कहा कि आज स्कूलों में जो बच्चे भोजन कर रहे है वह मनमोहन सरकार की देन है। इसके अलावा देश में चेचक, पोलिया जैसी बीमारियों को जडमूल से खत्म करने का योगदान कांग्रेस को ही जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने और पार्टी की ओर से जो भी अधिकृत उम्मीदवार हो उसके लिए प्रचार प्रसार करने की अपील की। इस मौके पर संध्या चौधरी, लालसिंह धानपुर, हिम्मत भाई सुथार, जितेन्द्र सिंधी महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेमलता शर्मा, प्रकाश मीना, प्रकाश प्रजापत, दशरथ नरूका, खीमसिंह मोहब्बत नगर, नेनमल कुंडला, मनोज पुरोहित, निंबाराम गरासिया, हमीद कुरैशी, तेजाराम मेघवाल, सहित कई कार्यकर्ता उपिस्थत थे। मंच का संचालन मोहनलाल सिरवी ने किया।

संपादक भावेश आर्य



